
कॉकरोच जनता पार्टी और फ़र्ज़ी वकीलों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका।
सुप्रीम कोर्ट में कॉकरोच जनता पार्टी और फर्जी वकीलों की जांच की मांग
सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर कथित फर्जी वकीलों, नकली लॉ डिग्रियों और कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच की मांग की गई है
याचिका में CBI से जांच कराने और FIR दर्ज करने की मांग की गई है
यह याचिका वकील राजा चौधरी ने दाखिल की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि हाल ही में अदालत में हुई मौखिक टिप्पणियों को सोशल मीडिया पर काट-छांट कर वायरल किया गया, मीम बनाए गए और उनसे कमाई की गई।
मामला 15 मई की उस सुनवाई से जुड़ा है, जिसमें CJI सूर्यकांत ने कानूनी पेशे में फर्जी डिग्रियों और पेशेवर स्तर गिरने पर चिंता जताई थी। सुनवाई के दौरान कॉकरोच शब्द का इस्तेमाल हुआ था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी नाम से ऑनलाइन अभियान शुरू हो गया।
याचिका में कहा गया है कि अदालत की मौखिक टिप्पणियों को संदर्भ से हटाकर वायरल कंटेंट में बदला गया और उसका व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया। हालांकि, याचिका में यह भी साफ किया गया है कि यह मामला अभिव्यक्ति की आजादी, व्यंग्य या सरकार और न्यायपालिका की आलोचना के खिलाफ नहीं है।
