मुस्कुराते हुए जनता को एकसाथ आने का संदेश,भ्रम या सही साबित होगा ये समय के गर्भ में है।

राज्य में कांग्रेस ने शिवनंदन पुर से हुई सियासत को जिस तरह से मुद्दा बनाया है उससे कांग्रेस के आक्रामक तेवर तो सामने आ गए हैं। कांग्रेस जिस तरह से राज्य की भाजपा सरकार को हर मुद्दे पर घेर रही है उससे सत्ताधारी भाजपा के लिए संकेत अच्छे नहीं हैं।

आज तीन अलग अलग विचारधारा के परस्पर विरोधी कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव और कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एक साथ मुस्कुराते हुए एक मंच पर दिखे। अब ये दिखावा साबित होगा या कोई भ्रम ये तो समय ही बताएगा।

अब एक नज़र कांग्रेस की प्रेस विज्ञप्ति पर।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी

प्रेस विज्ञप्ति

विश्रामपुर में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज आमरण अनशन पर बैठे

सूरजपुर के विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का धरना जारी

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुये धरने में, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस सिंहदेव भी बैठेंगे आमरण अनशन पर

रायपुर/26 मई 2026। सूरजपुर के विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का धरना जारी है। शाम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आमरण अनशन पर बैठे है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण आंदोलन में शामिल हुये है।

सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के लिये भाजपा सरकार ने कांग्रेस के चुनाव संचालक जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेन्द्र जैन के खिलाफ आर्म एक्ट का झूठा मुकदमा दर्ज किया है। इसके विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेसजनों के साथ कल से धरने पर बैठे है। इस मामले को लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य चुनाव आयुक्त से भी मिल कर दोषी थानेदार को निलंबित करने की मांग कर चुका है।

कांग्रेस के महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस आंदोलन में शामिल होने सूरजपुर पहुंचे, वे शिवनंदनपुर नगर पंचायत में रोड शो भी करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव भी आमरण अनशन पर बैठेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा को इस बात का अहसास हो गया है कि वह चुनाव हार रही है तो वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस इस कुचक्र का डटकर मुकाबला करेगी तथा हम भाजपा के अलोकतांत्रिक कदम का विरोध करते है। 24 घंटे से अधिक समय हो गया सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया। अब हम कार्यवाही होते तक आमरण अनशन पर बैठेंगे। हमारी मांग है कि हमारे कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेन्द्र जैन के ऊपर लगाए गये सरकार द्वारा फर्जी एफआईआर रद्द करें, आर्म्स एक्ट की धारा हटाए एवं दोषी थानेदार के खिलाफ तत्काल कठोर कार्यवाही करें।

सूरजपुर के विश्रामपुर थाने के सामने अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक अंबिका सिंह, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व पारसनाथ राजवाड़े, जिला अध्यक्ष शशि सिंह, बालकृष्ण पाठक सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण एवं कांग्रेस के कार्यकर्तागण धरने में बैठे हुये है।

सुशील आनंद शुक्ला
अध्यक्ष कांग्रेस संचार विभाग
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी

बहरहाल भरी गर्मी में जिस तरह से कांग्रेस के दिग्गज नेता धूप की परवाह किए बगैर प्रदर्शन में पूरे जोश से शामिल हो रहे हैं उससे भाजपा के उन नेताओं को जरूर सबक लेना चाहिए जो अपनी AC गाड़ियों और सुख सुविधाओं वाले जीवन को अधिक प्रमुखता दे रहे हैं और पोस्टर तक ही सिमट कर रह गए हैं।

आलोक शुक्ल।