
स्पाइसजेट विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर टकराया, अकासा एयर फ्लाइट रद्द — दो एयरक्राफ्ट ग्राउंडेड
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ी ग्राउंड इनसीडेंट सामने आई। स्पाइसजेट का बोइंग 737-700 विमान टैक्सी करते वक्त अकासा एयर के खड़े विमान से टकरा गया, जिससे दोनों एयरक्राफ्ट को नुकसान पहुंचा।
क्या हुआ हादसे में?
जानकारी के मुताबिक स्पाइसजेट का B737-700 विमान एयरपोर्ट पर टैक्सीइंग कर रहा था, तभी वो अकासा एयर के खड़े विमान से जा टकराया। अकासा एयर का विमान उस वक्त पूरी तरह स्थिर था। इस टक्कर में स्पाइसजेट के विमान की दाईं तरफ का विंगलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही अकासा एयर के विमान के बाईं तरफ का हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर भी डैमेज हो गया।
अकासा की फ्लाइट QP 1406 वापस लौटी बे पर
अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406 दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली थी। हादसे के बाद विमान को वापस बे पर लाना पड़ा। एयरलाइन ने बताया कि तमाम यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं और सभी को विमान से उतार दिया गया है। अकासा एयर के ग्राउंड टीम यात्रियों को हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम में जुटी है।
दोनों विमान ग्राउंडेड
हादसे के बाद स्पाइसजेट का विमान फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है। अकासा एयर का डैमेज हुआ विमान भी ऑपरेशन से बाहर है।
DGCA की नजर, जांच शुरू होने की उम्मीद
एयरपोर्ट पर ग्राउंड इनसीडेंट होते ही नागर विमानन महानिदेशालय यानी DGCA इसका संज्ञान लेता है। उम्मीद है कि DGCA इस घटना की जांच शुरू करेगा और दोनों एयरलाइन्स से रिपोर्ट तलब की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक टक्कर के वक्त अकासा का विमान बिल्कुल स्थिर था — यानी गलती किसकी थी, यह जांच का अहम हिस्सा होगा।
