


टी एस सिंहदेव के नेतृत्व में शहीद चंदशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
कांग्रेस की नवगठित जिला कार्यकारिणी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव के नेतृत्व में शहीद पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान मीडिया द्वारा युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा अपराध दर्ज किये जाने के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने इसी चौक पर अनावरण से संबंधित लगे एक बैनर की ओर इशारा करते हुए कहा कि जिस प्रकार से शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की गरिमा के विपरीत इस पूरे आयोजन को किया गया उससे युवा उद्वेलित हुए। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं को धैर्य के साथ उचित कार्य करना चाहिए। गलत बात का उचित प्रतिवाद होना चाहिए। शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत टी एस सिंहदेव एवं AICC सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने भाजपा नेता स्वर्गीय रविशंकर त्रिपाठी के प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि अनावरण कार्यक्रम का आमंत्रण उन्हें नहीं मिला , हालांकि रजनी त्रिपाठी जी के द्वारा उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया था। शहर में मौजूद नहीं होने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए थे।
आज जिस तरह से सिंहदेव और उनके भतीजे आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने भाजपा को अपने तरीके से जवाब दिया है वो राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय है।
सरगुजा भाजपा की इस कार्यक्रम में जिस तरह किरकिरी हुई है उससे अंदर ही अंदर कई भाजपाई ही कहने लगे हैं कि भाजपा के पोस्टर वाले नेता आमजन में कोई भी प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे हैं और तो और किस कार्यक्रम को किस मर्यादा व गरिमा के साथ करना है इस बात का भी उन्हें भान नहीं है।

आलोक शुक्ल, सम्पादक पहल।
