रायपुर | सीएम हाउस की चार घंटे चली बैठक खत्म, मंत्रिमंडल विस्तार पर नेताओं ने टाला जवाब

रायपुर में मुख्यमंत्री आवास पर चली चार घंटे से अधिक समय तक चली अहम बैठक समाप्त हो गई। बैठक में राज्य सरकार के मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के बाद कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, “मुस्कुराइए, सुरक्षित हैं। जैसा आप अटकलें लगा रहे हैं, वैसा कुछ भी नहीं है।”
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि बैठक में सत्ता और संगठन के बीच समन्वय को लेकर चर्चा हुई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि इस तरह की बैठकें पहले भी नियमित रूप से होती रही हैं। इसमें मंत्रियों और सांसदों के दौरों समेत संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है।
मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल या विस्तार के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और इस संबंध में वही जानकारी दे सकते हैं ।
